फर्रुखाबाद में शीतलहर का कहर, 8.3 डिग्री पर पहुंचा पारा, घने कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। जिले में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
बुधवार शाम से ही कोहरे की चादर फैलनी शुरू हो गई थी। देर रात दृश्यता घटकर महज 6 मीटर तक पहुंच गई, जबकि गुरुवार सुबह भी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ और विजिबिलिटी करीब 10 मीटर ही दर्ज की गई। घने कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीते लगभग 20 दिनों से फर्रुखाबाद में लगातार सर्दी का प्रकोप बना हुआ है। कभी घना कोहरा तो कभी पाला पड़ने से ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार को दिन भर धूप नहीं निकल सकी, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस की गई। लोग केवल अत्यंत आवश्यक कार्यों के लिए ही भारी ऊनी कपड़ों में घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए।
ठंड और कोहरे का असर बाजारों पर भी साफ नजर आया। सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग अलाव के सहारे ठंड से राहत लेते दिखे। इटावा-बरेली हाईवे, दिल्ली-फर्रुखाबाद मार्ग, स्टेट हाईवे फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग और फर्रुखाबाद-कानपुर मार्ग सहित जिले की सभी प्रमुख सड़कों पर घना कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से सफर करना पड़ा।
कादरी गेट निवासी राजेश ने बताया कि सर्दी इस बार काफी ज्यादा पड़ रही है और गुरुवार को कोहरा बेहद घना रहा। वहीं रईस ने बताया कि करीब 20 दिनों से लगातार सर्दी बढ़ी हुई है, कोहरा और पाले के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।






