नववर्ष पर फर्रुखाबाद में हाई अलर्ट, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। नव वर्ष के आगमन को लेकर फर्रुखाबाद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाते हुए न पकड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
एएसपी ने बताया कि नव वर्ष के अवसर पर स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है, जो शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार गश्त करेंगी। विशेष रूप से उन स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी, जहां युवक-युवतियों के एकत्र होने की संभावना रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थलों पर 112 पुलिस वाहनों की भी विशेष तैनाती की गई है।
पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरियर चेकिंग, पेट्रोलिंग और त्वरित प्रतिक्रिया दलों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नव वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित माहौल में मनाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।






