पट्टा खत्म होते ही सियासत तेज : डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट की जमीन पर वापसी की मांग, ‘दिशा’ बैठक में उठा विवाद
Share your love

संवाद 24 संवादाता। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक उस समय विवाद के केंद्र में आ गई, जब नवाबगंज में डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट को पट्टे पर दी गई भूमि की अवधि समाप्त होने का मुद्दा उठाया गया। विधायक अमृतपुर ने स्पष्ट मांग की कि पट्टा समाप्त होने के बाद उक्त भूमि को तत्काल वापस लिया जाए। इस मांग के साथ ही बैठक में सियासी सरगर्मी तेज हो गई।
बैठक में ट्रस्ट को दी गई भूमि का कार्यकाल पूर्ण होने के अलावा जिला क्रीड़ा अधिकारी से जुड़े विषय पर भी तीखी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी परिसंपत्तियों के उपयोग में किसी भी प्रकार की ढिलाई या अस्पष्टता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पट्टा समाप्त होने के बावजूद कार्रवाई में देरी पर सवाल खड़े किए गए।
इससे पहले सांसद ने इटावा–बरेली मार्ग पर नालों का लेवल दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त रेलिंग तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। मनरेगा के तहत सभी विधायकों से 19 तालाबों की खुदाई, गहरीकरण और गाद निकासी से जुड़े कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पर चर्चा के दौरान उपायुक्त स्वतः रोजगार ने बताया कि कई स्वयं सहायता समूह ऑनलाइन बिक्री कर रहे हैं। इस पर सांसद ने क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, रखा स्कूल सहित सड़क किनारे खाली पड़ी जमीन पर दुकानें बनवाकर समूहों को आवंटित करने के निर्देश दिए—जिसे लेकर भूमि आवंटन नीति पर भी सवाल उठे।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में प्रस्तावित 54 मार्गों में से केवल 7 के चयन की जानकारी पर विधायक कायमगंज ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय रजलामई के बंद हॉस्टल और स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया। विधायक भोजपुर ने जरारी–भड़ौसा क्षेत्र में विद्युत चोरी की सघन जांच न होने पर नाराजगी जताई।
रामनगरिया मेले के दौरान फायर ब्रिगेड की स्थायी तैनाती के निर्देश दिए गए। सांसद खेलकूद स्पर्धा में कथित भ्रामक जानकारी देकर खिलाड़ियों को उकसाने के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने के आदेश भी दिए गए—जिससे खेल विभाग पर सवाल और गहरे हुए।
जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने ग्राम पंचायत पखना सहित कई गांवों में अधूरे विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। विधान परिषद सदस्य प्राशू दत्त द्विवेदी ने शाम के समय गलियों में घूम रहे आवारा गौवंश के लिए स्थायी समाधान की मांग उठाई।
कृषि विभाग ने किसान कल्याण केंद्रों के लिए धनराशि मिलने और नवाबगंज व मोहम्मदाबाद में प्रगति की जानकारी दी। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत आमिलपुर डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट के संचालन के लिए टेंडर शीघ्र खोले जाने की बात कही गई। सांसद ने कलेक्शन सिस्टम को कमजोर बताते हुए गीले कचरे से सीएनजी बनाने की मशीन लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन का आश्वासन दिया। हालांकि, ट्रस्ट की भूमि पर पट्टा समाप्त होने के बाद भी कार्रवाई को लेकर उठे सवालों ने प्रशासन की मंशा और गति—दोनों पर राजनीतिक बहस को और धार दे दी है।






