पांच माह से ‘सीलबंद’ सच : संविदा खत्म, फिर भी खंड शिक्षा कार्यालय में बंद पड़ी फाइलें—अधिकारी क्यों नहीं तुड़वा रहे ताला?
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मोहम्मदाबाद में एक संवेदनशील प्रशासनिक मामला अब विवाद का रूप लेता जा रहा है। संविदा पर तैनात रहे सहायक लेखाकार विवेक कुमार की संविदा अगस्त में ही समाप्त हो चुकी है, लेकिन उसके कब्जे में रही अलमारी आज भी बंद पड़ी है। आरोप है कि अलमारी के भीतर कार्यालय के अहम दस्तावेज, चेकबुक और आवश्यक अभिलेख रखे हैं, जिन तक पहुंच न होने से विभागीय कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अभद्र व्यवहार की लगातार शिकायतों और अधिकारियों की आख्या के आधार पर कार्यदायी संस्था ने विवेक कुमार की संविदा समाप्त कर दी थी। इसके बाद से वह कार्यालय नहीं आया। बावजूद इसके, लगभग पांच माह बीत जाने के बाद भी अलमारी का ताला नहीं खुलवाया गया। सवाल उठ रहा है कि जब संविदा खत्म हो चुकी है और संबंधित व्यक्ति का कार्यालय से कोई संबंध नहीं रहा, तो सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा में यह असहज देरी क्यों?
अलमारी बंद होने के कारण भुगतान, लेखा-जोखा और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं बाधित हैं। कर्मचारियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। इस स्थिति से अवगत कराते हुए खंड शिक्षा अधिकारी, मोहम्मदाबाद ने जिला स्तर पर बार-बार पत्राचार किया। बताया जाता है कि दर्जन भर से अधिक पत्र जिला कार्यालय भेजे गए, पर ठोस निर्णय नहीं हुआ।
नवागंतुक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के बाद भी मामला उनके संज्ञान में लाया गया। मौखिक और लिखित दोनों माध्यमों से जानकारी दी गई। यहां तक कि दो दिन पूर्व व्हाट्सएप पर भी संबंधित पत्र साझा किए गए, लेकिन न तो अलमारी खुलवाने का आदेश जारी हुआ और न ही दस्तावेजों को सुरक्षित कराने की कोई पहल दिखी।
इस पूरे घटनाक्रम ने विभागीय लापरवाही और निर्णयहीनता को उजागर कर दिया है। विवाद यह भी है कि क्या किसी दबाव या संरक्षण के चलते कार्रवाई टाली जा रही है? अगर नहीं, तो सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा को लेकर यह असंवेदनशीलता क्यों? समय रहते निर्णय न होने की स्थिति में न केवल विभागीय कामकाज और प्रभावित होगा, बल्कि किसी बड़े वित्तीय या प्रशासनिक नुकसान की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।






