पिकअप वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, घने कोहरे में हुआ हादसा, निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। अर्रा पहाड़पुर मंडी के पास पिकअप वाहन की टक्कर से घायल हुए 65 वर्षीय पंचम लाल राजपूत ने शनिवार शाम एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
हादसे में ई-रिक्शा चालक श्यामवीर और साइकिल सवार पंचम लाल राजपूत दोनों घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पंचम लाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी चिकित्सालय रेफर किया गया था।
बताया गया कि शुक्रवार को इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था। सब्जी मंडी के पास एक ई-रिक्शा को बचाने के प्रयास में दूसरा ई-रिक्शा सामने आ गया, इसी दौरान पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में आकर साइकिल सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काशीराम कॉलोनी चौकी प्रभारी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक पंचम लाल राजपूत अपने पीछे पत्नी और छह बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।






