शमशाबाद में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, आठ घरों में हुई वारदातों से जुड़ा मामला, आभूषण बरामद

संवाद 24 संवाददाता। शमशाबाद थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई लगातार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर की रात शमशाबाद थाना क्षेत्र के कुइयां खेड़ा और कुइयां संत गांवों में अज्ञात चोरों ने आठ घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले में पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

गुरुवार शाम चौकी प्रभारी फैजाबाद को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल दो संदिग्ध फर्रुखाबाद–कायमगंज मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की पायल और खड़वा बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद वारिस और मुजीब खां के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ाई गई है और चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News