वीर बाल दिवस पर भाजपा कार्यालय में संगोष्ठी, सिख गुरुओं के बलिदान को किया गया याद
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के आवास विकास स्थित जिला कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन कर सिख गुरुओं और गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। कार्यक्रम में कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में देवेंद्र देव गुप्ता ने कहा कि सिख इतिहास त्याग, शौर्य और धर्मरक्षा की मिसालों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने सिख धर्म, गुरु परंपरा और उनके महान बलिदानों को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों—जोरावर सिंह और फतेह सिंह—के बलिदान को भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि उनका साहस आज की पीढ़ी के लिए राष्ट्रभक्ति और आत्मसम्मान की अमिट प्रेरणा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि लंबे समय तक देश में कांग्रेस शासन रहा, लेकिन वीर शहीदों को उनका यथोचित सम्मान नहीं मिल सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए वीर बाल दिवस की शुरुआत की, ताकि युवा पीढ़ी उनके त्याग से प्रेरणा ले सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर आज देशभर में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुगल आक्रांताओं द्वारा धर्म परिवर्तन के दबाव को अस्वीकार कर साहिबजादों ने अपने प्राणों की आहुति दी और भारत की संस्कृति व धर्म की रक्षा की। उनका यह बलिदान युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री अभिषेक बाथम ने किया। इस अवसर पर ज्ञानी मंगल सिंह, सरदार हरजिंदर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक तोषित प्रीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






