सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से टकराई बाइक, राज मिस्त्री की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मातम

संवाद 24 संवाददाता। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क पर खड़े पानी के टैंकर से बाइक टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल और फिर सैफई रेफर किया गया।

उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद परिजन शव लेकर वापस लौट आए। मृतक की पहचान थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम नगला बबरसा निवासी सुमित (22) पुत्र धर्मवीर जाटव के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करता था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम वह मोहम्मदाबाद से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था।इसी दौरान नीमकरोरी–मोहम्मदाबाद मार्ग पर सड़क पर खड़े पानी के टैंकर से उसकी बाइक टकरा गई।

हादसे में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। वहां से भी हालत में सुधार न होने पर सैफई के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां आशादेवी और पत्नी साधना का रो-रोकर बुरा हाल है। सुमित का एक आठ माह का पुत्र है। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था।


नीमकरोरी चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल पानी के टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News