घने कोहरे का असर : ट्रेनों की रफ्तार थमी कालिंद्री एक्सप्रेस करीब तीन घंटे, मथुरा–छपरा एक्सप्रेस एक घंटे देरी से पहुंची
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शुक्रवार को घने कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहा। दृश्यता कम होने से ट्रेनों की गति धीमी पड़ गई, जिसके चलते कई गाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
भिवानी से प्रयागराज जाने वाली कालिंद्री एक्सप्रेस अपने तय समय सुबह छह बजे के बजाय लगभग तीन घंटे की देरी से सुबह नौ बजे स्टेशन पर पहुंची। इसी तरह छपरा से मथुरा जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन भी निर्धारित समय से लगभग एक घंटे विलंब से चल रही है। यह ट्रेन शाम साढ़े पांच बजे के बजाय साढ़े छह बजे तक स्टेशन पहुंचने की सूचना रही।
इसके अलावा साबरमती एक्सप्रेस भी करीब एक घंटे की देरी से फर्रुखाबाद पहुंची। शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेन का संचालन भी तय समय से पीछे रहा और यह ट्रेन विलंब से स्टेशन पर आई।
ट्रेनों के देर से पहुंचने के कारण यात्रियों को कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा। स्टेशन पर सुबह और शाम दोनों समय कोहरे का प्रभाव देखा गया, जिससे रेल संचालन पर असर बना रहा।






