बढ़पुर में आमने-सामने टकराईं दो बाइकें, ई-रिक्शा चालक समेत तीन घायल, लोहिया अस्पताल में भर्ती
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को स्टेडियम के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ई-रिक्शा चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में याकूतगंज निवासी बाइक सवार अल्तमस पुत्र अतीक और अयान पुत्र इरशाद घायल हुए हैं। टक्कर के बाद एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा से जा टकराई, जिससे ई-रिक्शा चालक सुरेशचंद्र पुत्र जगदीश प्रसाद भी चोटिल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल लोहिया में तैनात ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल ई-रिक्शा चालक सुरेशचंद्र ने बताया कि वह सड़क किनारे सवारी बैठा रहे थे, तभी दो बाइकों की टक्कर हो गई और एक बाइक उनके ई-रिक्शा से जा भिड़ी। टक्कर के कारण वह गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






