फर्रुखाबाद में मजदूर की गोली मारकर हत्या, खेत में मिला शव, फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांचफर्रुखाबाद।

संवाद 24 संवाददाता। जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज ब्लॉक स्थित मई राशिदपुर गांव में गुरुवार सुबह एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय सोवरन सिंह का शव गांव के ही एक खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोवरन सिंह बुधवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। परिजनों के मुताबिक, वह पड़ोसी गांव कुतुबुद्दीनपुर में दावत में शामिल होने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने रात में उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह करीब सात बजे गांव का एक युवक खेतों में पानी लगाने जा रहा था। इसी दौरान उसने ऋषि नंदन ठाकुर के खेत में सोवरन सिंह का लहूलुहान शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव देख चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर कोतवाली कायमगंज के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस को मृतक की साइकिल भी पास के खेत में पड़ी मिली, जबकि रास्ते में खून के निशान पाए गए हैं, जिससे घटनास्थल से शव तक ले जाने या संघर्ष की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी पहुंचे। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया और साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक के भाई जयशरन ने बताया कि सोवरन की गोली मारकर हत्या की गई है। परिवार में पत्नी पानवती, दो नाबालिग बेटियां काजल (14) और नेहा (13) हैं, जबकि बेटा अंकित काम के सिलसिले में दिल्ली में रहता है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शव पर गोली और अन्य चोटों के निशान मिले हैं। फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News