शहर में क्रिसमस की रौनक : फर्रुखाबाद के गिरजाघरों में सजी रोशनी, रात 11 बजे विशेष प्रार्थना, गुरुवार को लगेगा मेला
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में क्रिसमस पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है। फतेहगढ़, फर्रुखाबाद और बढ़पुर स्थित गिरजाघरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गिरजाघरों को आकर्षक रोशनी और सजावट से संवारा जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
बुधवार रात 11 बजे तीनों गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान समाज के लोग एकत्र होकर सामूहिक प्रार्थना करेंगे। रात 12 बजे क्रिसमस का आगमन होते ही श्रद्धालु एक-दूसरे को बधाई देंगे और उत्सव की शुरुआत होगी।
गिरजाघर परिसर में गुरुवार को मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रार्थना करने और मोमबत्तियां जलाने पहुंचेंगे। चर्च से जुड़े लोगों ने बताया कि विशेष सेवा के दौरान भजन-कीर्तन होंगे, प्रार्थनाएं की जाएंगी और फादर द्वारा बाइबल के संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा।
क्रिसमस के दिन सुबह भी प्रार्थना सभाओं का आयोजन होगा। प्रशासन और चर्च प्रबंधन की ओर से शांति एवं सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु उत्सव को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मना सकें।






