शिकायत दर्ज कराने थाने गया परिवार, पीछे से घर में भड़की रहस्यमयी आग, घरेलू सामान जलकर खाक
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डूंगरपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आपसी मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने गए एक परिवार के घर में उसी दौरान संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि घर में रखा अधिकांश गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामप्रताप के पुत्र शिवम और उनकी पत्नी राधा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद पूरा परिवार शिकायत दर्ज कराने के लिए कोतवाली चला गया। इसी बीच, खाली पड़े घर से धुआं उठता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घरेलू सामान को भारी नुकसान हो चुका था। आग लगने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे किसी तरह की साजिश है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।






