सड़क पर बेटे का शव रखकर मां का आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग पर घंटों जाम

संवाद 24 संवाददाता। मारपीट में युवक की मौत के बाद परिजनों का दर्द सड़कों पर फूट पड़ा। थाना क्षेत्र के गांव गुडेरा निवासी 22 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत होने पर उसकी मां ने शव को बदायूं रोड पर रखकर प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगाया गया जाम करीब तीन घंटे तक जारी रहा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और एंबुलेंस तक फंस गई।
परिजनों के अनुसार, गुडेरा गांव निवासी अंजेश (22), पुत्र राकेश, अविवाहित, के साथ 22 दिसंबर को राजपुर के पास चार युवकों ने मिलकर मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल अंजेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया।
शव के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां संगीता ने आरोप लगाया कि गांव के ही चार युवकों की पिटाई से उसके बेटे की जान गई। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने राजपुर कस्बे में बदायूं रोड पर शव रख दिया, जिससे जाम लग गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष मोनू शाक्य मौके पर पहुंचीं, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले अंतिम संस्कार को तैयार नहीं हुए। बाद में क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा भी पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल जाम खुलवाने के लिए मौके पर डटे रहे।
काफी प्रयासों के बाद अखंड प्रदेश संगठन के महासचिव नरेंद्र सोमवंशी गुडेरा गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को आश्वासन देकर शांत कराया। आश्वासन मिलने पर परिजनों ने जाम हटाया और अंतिम संस्कार किया।
इस दौरान संगठन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो थाने का घेराव किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा ने बताया कि मामले की जांच राजेपुर थाना अध्यक्ष को सौंप दी गई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News