लोहिया अस्पताल में अज्ञात महिला की मौत : मोहम्मदाबाद से रेफर होकर आई थी, पहचान की कोशिश जारी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। महिला को दो दिन पहले गंभीर हालत में मोहम्मदाबाद से रेफर किया गया था। पुलिस फिलहाल मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में महिला घायल अवस्था में मिली थी। वह अपनी पहचान या पता बताने की स्थिति में नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया।
हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने महिला को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार शाम उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाते हुए पुलिस को सूचना दी।
मंगलवार सुबह पुलिस टीम लोहिया अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है और उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थानों व इलाकों में जानकारी भेजी जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो, तो संबंधित थाने से संपर्क करें।






