ग्राम अध्यक्ष से मारपीट के आरोप पर किसानों का थाने में घेराव : शमशाबाद में दरोगा पर आरोप, सीओ के आश्वासन पर धरना समाप्त

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शमशाबाद में ग्राम अध्यक्ष से कथित मारपीट और सुविधा शुल्क मांगने के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ( टिकैत गुट ) के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। मामला कायमगंज क्षेत्र के पपड़ी खुर्द निवासी ग्राम अध्यक्ष रफी से जुड़ा है।

बताया गया कि रफी के छोटे भाई की शादी के संबंध में हुए समझौते को लेकर लड़की पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसी सिलसिले में शमशाबाद थाने में जांच के लिए बुलाया गया। आरोप है कि समझौता होने के बाद लड़की पक्ष को जाने दिया गया, जबकि रफी और किसान यूनियन के जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार को रोक लिया गया।

किसान यूनियन का आरोप है कि इस दौरान दरोगा मिथिलेश कुमार ने कथित तौर पर सुविधा शुल्क की मांग की। इनकार करने पर रफी और उनके भाई के साथ हाथापाई की गई, जबकि विरोध करने पर राजेश गंगवार से भी अभद्रता हुई।

घटना की सूचना मिलते ही किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने संगठन के पदाधिकारियों और किसानों से थाने पहुंचने की अपील की। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान शमशाबाद थाने पर जमा हो गए और धरना शुरू कर दिया।

स्थिति को देखते हुए मोहम्मदाबाद के क्षेत्राधिकारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से उनकी मांगें लिखित में लेकर पुलिस अधीक्षक से बात करने और 24 घंटे के भीतर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सीओ के भरोसे के बाद किसान यूनियन ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई न होने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News