राजेपुर में तेज रफ्तार ई-रिक्शा का कहर: पैदल युवक को मारी टक्कर, चालक पकड़ाया
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने पैदल जा रहे युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने सतर्कता दिखाते हुए ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल युवक अपने मेडिकल स्टोर की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आए ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर अमित वर्मा ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत स्थिर है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके से ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार ई-रिक्शाओं पर नियंत्रण और नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।






