फर्रुखाबाद में राजमिस्त्री की संदिग्ध मौत, चचेरे भाई ने साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जहानगंज थाना क्षेत्र में एक 33 वर्षीय राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने उसके साथियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रठौरा मोहद्दीनपुर गांव निवासी सदानंद राजमिस्त्री का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार, वह बुधवार सुबह गांव और आसपास के कुछ लोगों के साथ मजदूरी करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। गुरुवार तड़के उसके साथी उसे घर छोड़ गए।
परिजनों का कहना है कि दोपहर में सदानंद के पेट में तेज दर्द शुरू हुआ, जिसके बाद उसे एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया। शुक्रवार शाम को अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे दरियावगंज स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला मुख्यालय के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घर पर शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सीताश्री और बच्चे विवेक, पारस व मछन्दर का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के चचेरे भाई कमलकिशोर ने आरोप लगाया कि सदानंद के साथियों ने पहले उसे शराब पिलाई और बाद में उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।






