कायमगंज में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक घायल, बहन के शांति पाठ में शामिल होने आया था
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर मीरपुर निवासी 35 वर्षीय कुलदीप पुत्र लाखन शुक्रवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। उन्हें गंभीर अवस्था में डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
परिजनों के अनुसार कुलदीप अपनी पत्नी के साथ नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कलान नगला में बहन मीरा के शांति पाठ में शामिल होने आए थे। रात लगभग 10 बजे वह गांव में सड़क किनारे स्थित एक दुकान से जरूरी सामान लेने गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में कुलदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।
घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस को हादसे की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।






