फर्रुखाबाद में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमटी

तापमान 11 डिग्री पर पहुंचा, पाले से किसान चिंतित

संवाद 24 संवाददाता। फ़र्रुखाबाद में शनिवार को गलन भरी सर्दी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। रात में छाए घने कोहरे के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंड से बचाव के लिए लोगों को सुबह से ही अलाव का सहारा लेते देखा गया।

शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे जिले में कोहरा इतना घना हो गया कि दृश्यता घटकर लगभग 10 मीटर रह गई। इसका सीधा असर यातायात पर पड़ा और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। शनिवार सुबह 5:30 बजे तक दृश्यता 25 मीटर के आसपास रही, जो 8 बजे के बाद बढ़कर करीब 100 मीटर तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता 28 प्रतिशत रही। गलन के साथ पाला गिरने से सुबह के समय ठंड का असर और बढ़ गया।

किसानों की बढ़ी चिंता
पाले को लेकर किसान खासे चिंतित हैं। किसान रामकृष्ण का कहना है कि पाला पड़ने से आलू की फसल को नुकसान हो सकता है और रोग लगने की आशंका बढ़ जाती है। वहीं किसान ग्रीस ने बताया कि पाले की वजह से आलू में झुलसा रोग का खतरा रहता है। हालांकि, किसानों का यह भी मानना है कि गेहूं की फसल के लिए हल्का कोहरा कुछ हद तक लाभकारी माना जाता है।

यातायात और बस सेवाओं पर असर
लगातार ठंड और कोहरे का असर रोडवेज बस सेवाओं पर भी दिखा। बस स्टैंड पर मौजूद चालकों के अनुसार यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। दिल्ली रूट पर चलने वाली 53 सीटर बसों में बमुश्किल 8 से 10 यात्री ही मिल रहे हैं, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा है। पिछले पांच दिनों से जिले में कोहरा बना हुआ था। शनिवार को इसमें हल्की राहत जरूर मिली, लेकिन गलन भरी सर्दी से लोगों को अभी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News