फर्रुखाबाद में देर रात दो पक्षों में हिंसक झड़प, चार लोग घायल, तीन घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण, पुलिस जांच में जुटी

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के बढ़पुर क्षेत्र में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना थाना कादरीगेट क्षेत्र अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी में जिला अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। किसी विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने बताया कि नीरज गुप्ता, अनामिका गुप्ता और लक्ष्मी गुप्ता को पुलिस द्वारा उपचार के लिए लाया गया था। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों का विधिक मेडिकल परीक्षण कराया गया।

थाना कादरीगेट के प्रभारी निरीक्षक कपिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News