रात में खुद सड़कों पर उतरीं एसपी, फर्रुखाबाद में नाइट पुलिसिंग का सख्त संदेश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने देर रात स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर रात्रि गश्त और नाइट ड्यूटी की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सक्रियता, चेकिंग व्यवस्था और निगरानी प्रबंधन का मौके पर आकलन किया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करने, बिना कारण ढिलाई न बरतने और संवेदनशील बिंदुओं पर चौकसी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बैंकों, एटीएम, पेट्रोल पंपों और प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए गए, ताकि रात्रि के समय किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल रोक लगाई जा सके। एसपी ने स्पष्ट किया कि प्रभावी नाइट पुलिसिंग से ही अपराध नियंत्रण और आमजन का भरोसा मजबूत होता है।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण सिंह भी रात में सड़कों पर निकले। उन्होंने चेक पोस्टों पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कराई और फील्ड स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह की औचक जांच और रात्रि भ्रमण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षा का माहौल और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।






