रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, बिजली विभाग के कर्मचारी पर हमला, स्कूल संचालक समेत चार पर FIR
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। भूमि पर रास्ता बनाने को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने बिजली विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुनील कुमार, निवासी ठंडी सड़क लाल दरवाजा (थाना कादरीगेट), ने पुलिस को बताया कि थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के नगला खैरबंद में महावीर इंटर कॉलेज के पीछे उनका कृषि भूखंड स्थित है। आरोप है कि 8 दिसंबर को कुछ लोगों ने बिना अनुमति खेत में मिट्टी डलवाकर रास्ता बनाने की कोशिश की। जब 11 दिसंबर को वह मिट्टी हटवाई गई तो आरोपी पक्ष आक्रोशित हो गया।
शिकायत के अनुसार, उसी दिन शाम को फोन पर अपशब्द कहे गए और अभद्र व्यवहार किया गया। मामला यहीं नहीं रुका। 14 दिसंबर को आरोपित अपने दो अन्य साथियों के साथ खेत पर पहुंचे और कथित रूप से लात-घूंसे चलाते हुए हमला कर दिया। इस दौरान शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि वह वर्तमान में इटावा स्थित बिजली विभाग कार्यालय में सहायक पद पर कार्यरत है और घटना के बाद उसका परिवार दहशत में है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक रामकेश सिंह को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






