कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय जाने से पहले रोका
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने कैंप कार्यालय से मार्च की शुरुआत की। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, हालांकि कार्यकर्ता कुछ दूरी तक आगे बढ़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पूरी तरह से रोक दिया और भाजपा कार्यालय की ओर जाने की अनुमति नहीं दी।
राजनीतिक द्वेष का आरोप
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही ईडी की कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में भी स्थिति स्पष्ट हो चुकी है, इसके बावजूद विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और भाजपा कार्यालय तक शांतिपूर्ण रूप से पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की मांग की। पुलिस से अनुमति न मिलने के बाद कांग्रेस पदाधिकारी वापस कैंप कार्यालय लौट आए।
सड़क पर बैठकर नारेबाजी
इसके बाद शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी कैंप कार्यालय के बाहर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि उन्हें जबरन रोका गया और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया।
कांग्रेस की प्रदेश सचिव अर्चना राठौर ने कहा कि वे भाजपा कार्यालय पर शांतिपूर्ण तरीके से राम नाम का जाप कर विरोध जताना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ईडी मामलों में बेवजह फंसाया जा रहा है। उन्होंने महंगाई, गिरते रुपये और जनसमस्याओं पर सरकार से ध्यान देने की अपील की।
पुलिस का पक्ष
इस मामले में सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा भाजपा कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। सुरक्षा और कानून व्यवस्था को देखते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से मौके पर ही संपन्न हो गया।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।






