21 दिसंबर को हिंदू राष्ट्र समर्थन यात्रा का आयोजन, बागेश्वर धाम की मुहिम को समर्थन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में 21 दिसंबर को हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर एक विशाल यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा चलाए जा रहे अभियान के समर्थन में निकाली जा रही है। यात्रा को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
आयोजन से पहले हिंदू संगठनों के पदाधिकारी टाउन हॉल में एकत्र हुए और यात्रा की रूपरेखा पर चर्चा की। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू बजरंग दल के जिला महामंत्री सनी गुप्ता ने बताया कि यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक नियमों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि यह यात्रा 21 दिसंबर को चौक से प्रारंभ होकर लाल गेट स्थित सेल्फी प्वाइंट तक पहुंचेगी। आयोजकों के अनुसार इसमें करीब 1000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।
यात्रा के संयोजक और अंतर्राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर अध्यक्ष ने सभी हिंदू संगठनों, सनातनी समाज, माताओं-बहनों और युवाओं से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। वहीं, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला उपाध्यक्ष समित गुप्ता ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य हिंदू राष्ट्र की विचारधारा को मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और सांस्कृतिक पहचान के लिए यह अभियान जरूरी है।
इस मौके पर विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






