मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में दो घटनाओं से सनसनी: DJ विवाद और पुरानी रंजिश में मारपीट

संवाद 24 संवाददाता।

मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में तनाव का माहौल बना दिया। पहली घटना डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है, जबकि दूसरी में पुरानी रंजिश के चलते एक ई-रिक्शा चालक को निशाना बनाया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना ग्राम लतीपुरा शमशाबाद निवासी सुंदरम के भाई शिशुपाल से जुड़ी है। बताया गया कि शिशुपाल अपने बहनोई के यहां बच्चों के जन्मदिन की दावत में शामिल होने गए थे। वहां डीजे पर नाचने को लेकर चौरसिया निवासी बंटू पुत्र जगतपाल से कहासुनी हो गई। आरोप है कि बंटू उस समय नशे की हालत में था।

दिनांक 5 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब एक बजे शिशुपाल जब खुम्बरपुर स्थित बहनोई के घर जा रहे थे, तभी ग्राम चौरसिया के पास बंटू और सूरज पुत्र जगतपाल ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज के बाद दोनों ने लात-घूसों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल शिशुपाल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। इस मामले में बंटू और सूरज समेत दो आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरी घटना मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज तराई की है। यहां निवासी अमन पुत्र सर्वे श्रीवास्तव आज सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर के पास मदरसा के निकट ई-रिक्शा खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान कच्चाकिला भीकमपुर निवासी सूरज, बादल पुत्र गुड्डन और उनका साथी सोहेल वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के अमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बेल्टों और घूंसे से की गई पिटाई में सूरज के हाथ में पहने कड़े से अमन के सिर में गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हुई इस घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बताया गया कि कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इस मामले में सूरज, बादल और सोहेल के खिलाफ धारा 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News