दिनदहाड़े खौफनाक लूट: फर्रुखाबाद में कैश पिकअप कर्मी को गोली मारकर 7 लाख उड़ाए
Share your love

संवाद 24, फर्रूखाबाद ब्यूरो ।
फर्रुखाबाद में मंगलवार को अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नकदी लेकर बैंक जा रहे एक कैश पिकअप कर्मी को बदमाशों ने गोली मार दी और लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सकवाई गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र कप्तान लाल कैश पिकअप का कार्य करते हैं। वह गुंजन बिहार कॉलोनी स्थित एक ऑनलाइन एजेंसी से नकदी लेकर बाइक से सेंट्रल बैंक, फर्रुखाबाद में जमा करने जा रहे थे। जैसे ही वह गुंजन बिहार की गली में पहुंचे, दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और नकदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया।
विरोध करने पर बदमाशों ने राजेश कुमार की कमर में गोली मार दी और नकदी से भरा झोला लेकर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में राजेश सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल राजेश के अनुसार, बैग में करीब 7 लाख रुपये की नकदी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक कारतूस का खोखा मिला है। इसके अलावा बदमाशों का एक मोबाइल फोन भी घटनास्थल पर गिरा मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से आम लोगों में डर का माहौल है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।






