इटावा–बरेली हाईवे पर दर्दनाक हादसा: होटल में काम करने वाले युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
Share your love

संवाद 24, फर्रूखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में सोमवार देर रात इटावा–बरेली हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में होटल कर्मचारी की जान चली गई। वनपोई गांव के पास पैदल जा रहे युवक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जितेंद्र यादव ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला को दी गई।
मृतक की पहचान सोनू (32) के रूप में हुई है, जो जनपद हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के पांडे पुरवा गांव का निवासी था। सोनू रोहिला चौराहे के पास स्थित काका होटल में वेटर के तौर पर काम करता था और करीब एक महीने से फर्रूखाबाद में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार, सोनू सोमवार शाम करीब आठ बजे गमा देवी होटल पर अपने ताऊ तेजराम से मिलने गया था। इसके बाद रात लगभग दो बजे वह पैदल ही अपने चाचा हिमांशु से मिलने स्वाती ढाबा, गैसिंगपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
सोनू चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाइयों में शीतल (30), नीलेश (28) और रितुराज (22) हैं, जबकि तीन बहनों की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी काफी हद तक सोनू के कंधों पर थी। उसके पिता विजय शंकर और एक भाई भी होटल में वेटर का काम करते हैं।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस जांच में जुट गई है।






