फर्रुखाबाद में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, 1800 खिलाड़ी जिला स्तर के लिए चयनित
Share your love

संवाद 24, फर्रुखाबाद जनपद के फतेहगढ़ स्टेडियम में रविवार को सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद मुकेश राजपूत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि विधानसभा स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में करीब 8000 बच्चों ने भाग लिया था, जिनमें से 1800 खिलाड़ियों का चयन जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

सांसद मुकेश राजपूत ने जानकारी दी कि जिला स्तरीय सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन 25 दिसंबर को किया जाएगा। यह आयोजन केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि युवा खेलों से जुड़ें और अपनी प्रतिभा को निखारते हुए देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समाज स्वस्थ और सशक्त बने। सांसद ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में भारत हर खेल में विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
इस मौके पर सांसद मुकेश राजपूत ने फतेहगढ़ स्टेडियम में कबड्डी खिलाड़ियों के लिए नई मैट भी समर्पित की। उन्होंने बताया कि पहले कबड्डी प्रतियोगिताओं के लिए मैट किराए पर मंगानी पड़ती थी, लेकिन अब स्थायी व्यवस्था होने से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उद्घाटन समारोह में खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।






