शमशाबाद में निःशुल्क नेत्र व स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 86 मरीजों का हुआ परीक्षण
Share your love

संवाद 24, फर्रूखाबाद। शमशाबाद क्षेत्र में सेवा धर्म समिति फर्रुखाबाद की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक स्थित बाली मार्केट, शुक्ररूल्लापुर में निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 86 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 14 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जबकि 58 अन्य विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित थे।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथियों द्वारा मां गंगा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर भारती मिश्रा, हरि ओम अवस्थी, डॉ. जितेंद्र चतुर्वेदी, अनिल अवस्थी, राजीव सक्सेना (प्रभारी सह कोषाधिकारी) और शिवम दीक्षित मौजूद रहे। समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह और गंगाजल भेंट कर सम्मानित किया गया।
रामा अस्पताल, कानपुर विश्वविद्यालय क्षेत्र से आए चिकित्सकों की टीम डॉ. राम शर्मा, डॉ. अंशुल प्रताप, गोल्डी पाल, शालिनी पाल और मनोज ने मरीजों की जांच की। जांच के उपरांत सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की गईं।
मोतियाबिंद से पीड़ित 14 मरीजों को ऑपरेशन के लिए कानपुर भेजा गया है। समिति की ओर से इन मरीजों के आवागमन, भोजन, दवाइयों और उपचार से जुड़ी सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में समिति के सचिव अविनाश सारस्वत सहित शैलजा सारस्वत, अंशुल अवस्थी, पंकज सारस्वत, डॉ. आनंद शर्मा, श्रुति सारस्वत, विवेक मिश्रा, ऋतिक पाल, अभिजीत मिश्रा और प्रदीप सारस्वत का विशेष योगदान रहा। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की।






