फर्रुखाबाद में लापता 10 वर्षीय बालक की हत्या
Share your love

आलू के खेत में मिला शव, 5 दिन से था गायब, इलाके में आक्रोश
संवाद 24, फर्रूखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र में लापता हुए 10 वर्षीय बालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब पांच दिन पहले घर से गायब हुए बालक का शव रविवार को आलू के खेत में पड़ा मिला। शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना जहानगंज के ग्राम कोरीखेड़ा निवासी चंद्रप्रकाश गुप्ता ने अपने 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना जहानगंज में दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार आशुतोष बीते बुधवार शाम करीब 5:30 बजे घर से बिना बताए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। देर शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर परिवार ने ग्रामीणों के साथ खेतों, रास्तों, आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और कन्नौज से डॉग स्क्वाड भी बुलाया गया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
रविवार को ग्राम कोरीखेड़ा निवासी रामस्वार्थ के खेत में पानी लगाने पहुंचे गांव के कोटेदार पवन राजपूत को एक बालक का कोट पड़ा मिला। उन्होंने इसकी सूचना आशुतोष के चाचा आदेश को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कोट की पहचान आशुतोष के कोट के रूप में की। इसके बाद आसपास के खेतों में खोजबीन शुरू की गई, जहां भरतपुर-झांसी मार्ग के पास रंजीत शाक्य के आलू के खेत में आशुतोष का शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई। मृतक की मां पूनम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आशुतोष एक बहन और तीन भाइयों में तीसरे नंबर का था। प्रारंभिक जांच में बालक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश है और लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।






