ट्रक-ट्रैक्टर भिड़ंत: गन्ना लेकर जा रहे युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अमैयापुर पश्चिमी निवासी 27 वर्षीय नीरज कुमार पुत्र रामशरण की ट्रक-ट्रैक्टर की टक्कर में जान चली गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार गन्ना भरकर रूपापुर चीनी मिल जा रहे थे। इसी दौरान डबरी पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल लोहिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नीरज कुमार छह भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। उनके भाई पप्पू उर्फ शिशुपाल, प्रेमचंद, प्रेमवीर, देव सिंह और शिवांशु हैं। नीरज अविवाहित थे, जबकि उनकी दो बहनों का विवाह हो चुका है। बेटे की मौत से मां तारावती का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद परिजनों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






