पागल कुत्ते का आतंक, बच्चों समेत चार घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के बढ़पुर क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ते ने गली में खेल रहे बच्चों समेत चार लोगों पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में तीन बच्चे और एक अधेड़ व्यक्ति घायल हो गए।
घटना थाना कादरीगेट क्षेत्र के गांव बाग लकूला स्थित प्राइमरी स्कूल के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता अचानक बेकाबू हो गया और बच्चों पर झपट पड़ा। कुत्ते के हमले से पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कुत्ते को घेरकर लाठी-डंडों से मार डाला।
हमले में घायल बच्चों की पहचान 3 वर्षीय अरविंद, 12 वर्षीय सीमा और 19 वर्षीय दीपिका के रूप में हुई है। इसके अलावा एक अधेड़ व्यक्ति भी कुत्ते के हमले में घायल हुआ है। सभी घायलों को स्थानीय युवाओं की मदद से 108 एम्बुलेंस द्वारा डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है और प्रशासन की अनदेखी के चलते ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने नगर पालिका से आवारा कुत्तों की धरपकड़ और नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। संवाद24 न्यूज प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपील करता है।






