राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड निस्तारण, 1.36 लाख से अधिक मामलों का हुआ

संवाद 24, फर्रूखाबद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में जनपद स्तर पर रिकॉर्ड संख्या में मामलों का निस्तारण कर आमजन को त्वरित न्याय का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ उच्च न्यायालय इलाहाबाद के प्रशासनिक न्यायाधीश, फर्रुखाबाद न्यायमूर्ति सुभाष चन्द्र शर्मा ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार, प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अनेक न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं वादकारी उपस्थित रहे।

लोक अदालत में विभिन्न बैंकों, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद एवं अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए, जहां आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया गया। बैंक वसूली से जुड़े 161 मामलों में 1.67 करोड़ रुपये की वसूली हुई, जबकि विद्युत बिल के 30,378 मामलों का समाधान किया गया।

कुटुम्ब न्यायालय द्वारा 105 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया गया, जिनमें 13 दम्पत्तियों का पुनर्मिलन कराकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। इसके अलावा मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर के 33 तथा उपभोक्ता आयोग के 9 मामलों का भी निस्तारण हुआ।

कुल मिलाकर चिन्हित 1,36,958 मामलों में से 1,36,020 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण करते हुए लगभग 5.95 करोड़ रुपये की धनराशि जमा कराई गई। यह उपलब्धि जिले में लोक अदालत की प्रभावशीलता और जनविश्वास को दर्शाती है।

कार्यक्रम के समापन पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार ने सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News