फर्रुखाबाद मंडी में नए आलू की आवक तेज, देशभर में हो रही सप्लाई, भाव अभी दबाव में

संवाद 24 संवाददाता। एशिया की सबसे बड़ी मंडियों में शामिल फर्रुखाबाद की सातनपुर मंडी में नए आलू की आवक लगातार बढ़ रही है। शनिवार को मंडी में करीब 30 हजार पैकेट नए आलू पहुंचे, जिससे मंडी में चहल-पहल बनी रही। यहां से असम, बिहार, गुजरात, झारखंड सहित कई अन्य राज्यों के अलावा स्थानीय मंडियों के लिए भी बड़े पैमाने पर आलू की लोडिंग की जा रही है।

व्यापारियों के अनुसार प्रतिदिन औसतन 60 गाड़ियां नया आलू मंडी में पहुंच रहा है। शुक्रवार को आलू का भाव ₹350 से ₹450 प्रति पैकेट के बीच रहा। सामान्य गुणवत्ता का आलू ₹350 से ₹400 प्रति पैकेट में बिका, जबकि बेहतर गुणवत्ता वाले आलू का भाव ₹450 प्रति पैकेट तक दर्ज किया गया।

आलू आढ़ती जैमिनी राजपूत ने बताया कि अन्य राज्यों से लगातार मांग बनी हुई है। इंटर-स्टेट मांग बढ़ने से आने वाले दिनों में आलू के भाव में हल्की तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, आढ़तियों का कहना है कि बीते वर्ष की तुलना में इस बार आलू के दाम कम चल रहे हैं, जिससे व्यापारी फिलहाल अच्छी खरीदारी कर रहे हैं।

मंडी से नए आलू का निर्यात भी किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद किसानों को पिछले साल जैसी कीमतें नहीं मिल पा रही हैं। आढ़तियों का मानना है कि 15 दिसंबर के बाद मंडी में आलू की आवक और बढ़ सकती है। ऐसे में यदि मांग में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई, तो आलू के भाव में और गिरावट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल सातनपुर मंडी में नए आलू की तेज आवक ने बाजार को रफ्तार दी है, लेकिन किसानों और व्यापारियों की निगाहें आने वाले दिनों की मांग और कीमतों पर टिकी हुई हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News