खाई में गिरी बाइक, युवक की मौत, साथी गंभीर घायल फर्रुखाबाद में दावत से लौटते समय हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शमशाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा विरिया (बेरिया) डंडा तिराहे के पास हुआ, जब बाइक सवार दो युवक दावत से लौट रहे थे।
कटिया ग्राम पंचायत के मजरा चीटन नगला निवासी गोपाल (26) पुत्र मौजी राम और नेम सिंह (28) पुत्र महेश चंद्र, सुल्तानगंज खरेटा में आयोजित दावत में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेरिया डंडा तिराहे के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे में नेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोपाल कुछ दूरी पर जा गिरे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को खाई से बाहर निकाला और शमशाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
सीएचसी में चिकित्सक विश्व दीप ने नेम सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोपाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। देर रात गोपाल की हालत गंभीर होने पर उसे शमशाबाद सीएचसी से निजी लवी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में गंभीर चोट आई है।
मृतक नेम सिंह की शादी वर्ष 2012 में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी रीना और 10 वर्षीय बेटा गुलशन है। वे अपने परिवार में तीन भाइयों, गोविंद व गौतम, और दो बहनों, अल्पना व सुहागा, में सबसे बड़े थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।






