सांसद ने लोकसभा में उठाया पुल निर्माण का मुद्दा:फर्रुखाबाद के पांचाल घाट और रामगंगा पुल जर्जर, पुनर्निर्माण की मांग
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत ने लोकसभा में शून्य काल के दौरान बरेली हाईवे पर स्थित पांचाल घाट और रामगंगा पुल के पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने दोनों पुलों को नया बनाए जाने की मांग की, जो वर्तमान में जर्जर अवस्था में हैं।
सांसद राजपूत ने बताया कि ये दोनों पुल काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इनकी चौड़ाई भी कम है, जबकि निर्माण के बाद से हाईवे पर यातायात काफी बढ़ गया है। रामनगरिया मेले के दौरान इन पुलों पर वाहनों का दबाव और अधिक हो जाता है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है।
उन्होंने सड़क व परिवहन मंत्री से आग्रह किया कि उनके संसदीय क्षेत्र से निकलने वाले नेशनल हाईवे 730 पर बने ये पुल सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। फतेहगढ़ में दो आर्मी रेजीमेंट स्थित हैं, और यहां से नेपाल व चीन सीमा के लिए सेना का आवागमन भी होता है। पुलों की कम चौड़ाई और जर्जर स्थिति इस आवागमन को भी प्रभावित करती है।
मुकेश राजपूत ने सदन को अवगत कराया कि पांचाल घाट गंगा पुल और रामगंगा पुल 50 वर्षों से अधिक पुराने हैं। इन पर आए दिन जाम की समस्या रहती है। समय-समय पर इनकी मरम्मत की जाती है, लेकिन इनके जॉइंट्स भी खुल जाते हैं, जो इनकी खराब स्थिति को दर्शाता है।






