बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे पिता को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, गंभीर घायल
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना हजिंयापुर के पास उस समय हुई जब कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी पवन (पुत्र राधेश्याम) फर्रुखाबाद में रिश्तेदारों को शादी के निमंत्रण पत्र देकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने पवन को सीधा टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और पवन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया। सीएचसी में तैनात चिकित्सक जितेंद्र बहादुर ने बताया कि मरीज को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया है, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च स्तरीय इलाज के लिए लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया है।
घायल पवन के अनुसार उनकी बेटी शिवा की शादी आगामी 13 दिसंबर, शनिवार को है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल व्याप्त है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।






