जेएनवी रोड पर बड़ा हादसा टला: बेकाबू कार पेंट की दुकान में घुसी, खंभा टूटकर अंदर धंसा
Share your love

संवाद 24, फर्रुखाबाद में गुरुवार शाम जेएनवी रोड पर भाजपा विधायक के निवास के पास अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और पेंट की दुकान के बाहर लगे लोहे के तीन शेड वाले खंभों से टकराते हुए सीधे अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक खंभा कार के अंदर तक धंस गया और दुकान का बाहर रखा काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सामने वाली गली से अचानक तेज रफ्तार में निकली थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार चला रहा युवक अनुभवहीन था और स्टेयरिंग ठीक से संभाल नहीं पाया। अनियंत्रित गति के कारण कार सीधे दुकान में घुस गई। हादसे के दौरान सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्टेशनरी की दुकान पर बैठा दुकानदार खतरा भांपकर तुरंत अंदर भागा, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं खंभे के पास खड़ी बुलेट पर बैठा एक युवक खंभे की वजह से सुरक्षित रहा। खंभा कार में धंस गया, लेकिन युवक को सिर्फ मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया— “अगर खंभा न होता, तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।”
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और लापरवाही से गाड़ी चलाने पर नाराजगी जताई। कई लोगों ने नुकसान की भरपाई की मांग की और विवाद बढ़ने लगा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
कार और दुकान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।






