सरह में तटबंध आंदोलन उफान पर, विधायक सुशील शाक्य ने किया खुले मंच से समर्थन

संवाद 24 फर्रुखाबाद। राजेपुर ब्लॉक के ग्राम सरह में रविवार को तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की बैठक में क्षेत्रवासियों का उत्साह और भागीदारी चरम पर रही। लगातार बढ़ रहे जनसमर्थन और बाढ़ से होने वाले वार्षिक नुकसान को देखते हुए यह आंदोलन अब एक बड़े जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है। इसी बढ़ते दबाव और जनभावनाओं को समझते हुए अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील शाक्य स्वयं बैठक में पहुंचे और तटबंध निर्माण के लिए खुलकर समर्थन का ऐलान किया।

विधायक शाक्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि तटबंध निर्माण क्षेत्र की जरूरत ही नहीं, बल्कि प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की संगठित आवाज प्रशासन को ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित करेगी और वह इस विषय को हर स्तर पर मजबूती से उठाने का संकल्प लेते हैं।
उन्होंने कहा— “यह सिर्फ विकास का मुद्दा नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा प्रश्न है। मैं तटबंध बनवाने के लिए पूरी ताकत लगाऊंगा।”

बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भइयन मिश्रा ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक तटबंध निर्माण की शुरुआत नहीं होती, तब तक आंदोलन शांत नहीं होगा। उन्होंने क्षेत्र में हर साल आने वाली बाढ़ और उससे होने वाले आर्थिक-सामाजिक नुकसान का उल्लेख करते हुए तटबंध निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने मंच से एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि यह आंदोलन अब जनसंकल्प बन चुका है।
स्वर्ण सिंह, अधिवक्ता राजीव प्रताप सिंह, पूर्व प्रधान अखिलेश तिवारी, विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे, पूर्व मंडल अध्यक्ष स्वदेश त्रिवेदी और अनिल तिवारी सहित कई प्रमुख लोगों ने कहा कि क्षेत्र की मांग स्पष्ट है— “तटबंध बनेगा, तभी क्षेत्र को राहत मिलेगी।”

बैठक में राजीव वर्मा, विष्णु मिश्रा, श्यामू शुक्ला, शिव स्वरूप त्रिवेदी, विकास अग्रिहोत्री, अमित मिश्रा, लाल राजपूत, राम बिहारी वाजपेई, अनूप मिश्रा, शरद अग्रिहोत्री व प्रताप भान सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जनभागीदारी देखते हुए यह स्पष्ट है कि तटबंध निर्माण अब क्षेत्र की सामूहिक मांग बन चुका है और लोग इसके लिए लंबे संघर्ष के लिए भी तैयार हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News