कानपुर-बांद्रा स्पेशल ट्रेन में मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर से बांद्रा जाने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में बुधवार रात यात्रियों के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान बोगी का शीशा टूट गया और उन्नाव जिले के एक युवक के घायल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 7:45 बजे गुरसहायगंज स्टेशन से ट्रेन निकलने के बाद एस-दो बोगी में यात्रियों के बीच विवाद बढ़ गया। मलिकपुर स्टेशन पार करने के बाद उत्पात मचाते हुए कुछ यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और मारपीट के बाद आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए।
झगड़े के दौरान बोगी का एक शीशा टूट गया, जिसके तेज कांच के टुकड़े सीट पर लेटे उन्नाव जनपद के बीघापुर निवासी राहुल को लगे और वह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद ट्रेन लगभग दस मिनट तक रुकी रही, इसके बाद फतेहगढ़ की ओर रवाना हो गई।
फतेहगढ़ स्टेशन पहुंचते ही घायल राहुल ने आरपीएफ के सुनील कुमार मिश्रा को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की शिकायत फर्रुखाबाद थाने में दर्ज की गई। राहुल की लिखित तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों—सियासत खान, आदिल और फरखान—के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
आरपीएफ के सुनील कुमार मिश्रा के अनुसार, पीड़ित यात्री ने रेलवे के ‘एक्स’ प्लेटफॉर्म पर भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। फतेहगढ़ में शिकायत को ट्रेस कर पीड़ित से संपर्क साधा गया, जिसने मारपीट और आरोपियों की पहचान की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की तुरंत सूचना रेलवे हेल्पलाइन या स्टेशन पर तैनात अधिकारियों को दें।






