फतेहगढ़ में बनेगा तीन मंजिला आधुनिक ऑडिटोरियम, 25 करोड़ की लागत
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ में एक अत्याधुनिक तीन मंजिला ऑडिटोरियम निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। गुरुवार को सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी और जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। इस संरचना की अनुमानित लागत करीब 25 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री से मिली हरी झंडी
सदर विधायक ने बताया कि जिलाधिकारी के सुझाव पर उन्होंने 9 सितंबर को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ऑडिटोरियम निर्माण का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री ने पहल का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद प्रशासन ने परियोजना को आगे बढ़ाते हुए लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की।
बेसमेंट सहित तीन मंजिला भवन
प्रस्तावित ऑडिटोरियम में बेसमेंट के साथ तीन मंजिलें होंगी। इसमें प्रथम और द्वितीय तल पर दर्शक दीर्घा और विभिन्न सुविधाओं को शामिल किया गया है। ऑडिटोरियम में स्टेज के साथ लगभग 500 लोगों के बैठने की क्षमता होगी, जिससे यह बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों, समारोहों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थल बनेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन
परियोजना के अनुसार ऑडिटोरियम में दो लिफ्ट, तीन शौचालय, एक प्रोजेक्टर रूम, वेटिंग रूम और एक विस्तृत लॉबी शामिल रहेगी। परिसर के बाहर सौंदर्यकरण के तहत एक आकर्षक फाउंटेन भी लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर भी उपस्थित रहे।
द्वितीय तल पर स्थापित होगा मंत्रालय का कार्यालय
सदर विधायक ने बताया कि ऑडिटोरियम के दूसरे तल पर सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्रालय का कार्यालय भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान आसपास के किसी भी मकान को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। भवन में एक मुख्य प्रवेश द्वार और एक निकास द्वार रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सदर विधायक ने अधिकारियों को प्रस्तावित नक्शा भी दिखाया और निर्माण कार्य को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।






