धान खरीद में अनियमितताओं से नाराज किसान बोले, निरीक्षक हटाओ, जांच कराओ
Share your love

संवाद 24 डेस्क। अमृतपुर राजकीय क्रय केंद्र रजौपुर में धान का तौल न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को केंद्र पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप था कि केंद्र पर धान, मक्का और बाजार से हुई खरीद की जांच नहीं हो रही है। विपणन निरीक्षक को हटाने और किसानों से धान-मक्का खरीदने की मांग को लेकर किसान घंटों तक डटे रहे।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय कटियार कार्यकर्ताओं के साथ केंद्र पहुंचे और शिकायत की कि तौल न होने के कारण किसान परेशान हैं। उनका कहना था कि विपणन निरीक्षक की लापरवाही से खरीद बाधित हो रही है। उन्होंने मांग की कि निरीक्षक को तीन दिन के भीतर हटाया जाए और केंद्र पर खरीदे गए धान-मक्का की बाजार से मिलान कर जांच कराई जाए।
तहसीलदार शशांक सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और निरीक्षक की भूमिका की जांच कराई जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
विपणन निरीक्षक मृदुला यादव ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि केंद्र पर भीड़ अधिक होने से खरीद की गति प्रभावित हुई है, लेकिन खरीद निरंतर की जा रही है। किसानों का कहना है कि तौल व्यवस्था सुस्त होने के कारण मक्का व बाजार की खरीद प्रभावित हो रही है।
किसानों की मांग सुनने के दौरान मौके पर तहसीलदार शशांक सिंह और विपणन निरीक्षक मौजूद रहे।






