राजेपुर में अज्ञात एम्बुलेंस की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर; एक साल पहले हुई थी शादी
Share your love

फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम एक अज्ञात एम्बुलेंस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 24 वर्षीय अनुज प्रताप सिंह उर्फ जीतू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी 21 वर्षीय शोभित शुक्ला गंभीर रूप से घायल है। शोभित का लोहिया अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना उस समय हुई जब दोनों युवक बाइक से राजेपुर की ओर जा रहे थे। नासा नाला के पास अचानक तेज रफ्तार अज्ञात एम्बुलेंस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को एम्बुलेंस से लोहिया अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया जबकि शोभित का इलाज जारी है।
अनुज प्रताप सिंह की शादी एक वर्ष पूर्व रानी सिंह से हुई थी। उसकी मां का नाम प्रभादेवी है। परिवार में दो भाई—अभय और एक बहन—स्वीटी हैं। पिता जितेंद्र सिंह तहसील अमृतपुर में एक अधिवक्ता के पास लिपिक के रूप में कार्यरत हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस अज्ञात एम्बुलेंस और उसके चालक की तलाश कर रही है।






