फर्रुखाबाद में ‘काल’ बनी रफ्तार: शादी से लौट रही बोलेरो को डंपर ने रौंदा, दूल्हा बनने से पहले युवक की मौत; 7 घायल
Share your love

फर्रुखाबाद | संवाद 24
फर्रुखाबाद में शनिवार की रात और रविवार का दिन हादसों के नाम रहा। यहां हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सबसे भीषण हादसा इटावा-बरेली हाईवे पर हुआ, जहां एक डंपर डिवाइडर तोड़कर दूसरी साइड आ गया और बोलेरो को टक्कर मार दी।

डंपर चालक को आई झपकी, उजड़ गई खुशियां
कादरीगेट थाना क्षेत्र में बीआरएस लॉन (BRS Lawn) के सामने शनिवार देर रात करीब 1:10 बजे यह हादसा हुआ। पांचालघाट की ओर से आ रहे तेज रफ़्तार डंपर के चालक को झपकी आ गई। जिससे डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए विपरीत दिशा में जा घुसा और सामने से आ रही बोलेरो से जा भिड़ा।

फरवरी में होने वाली थी आकाश की शादी
इस हादसे में बोलेरो सवार आकाश गुप्ता (28 वर्ष, निवासी कुम्हरौर, अमृतपुर) की मौत हो गई। दुखद पहलू यह है कि आकाश की शादी तय हो चुकी थी और 13 फरवरी 2026 को बारात जानी थी। घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब वहां मातम पसरा है। बोलेरो में सवार लोग छिबरामऊ से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे में अंकित सिंह, अजय, अवधेश सिंह, जयवीर, विजय, यदुवीर और हरिओम घायल हुए हैं। 6 घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। डंपर चालक मौके से फरार है।
रिक्शा पर लदे गाटर ने ली जान
दूसरा हादसा अमृतपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र में हुआ। रविवार दोपहर बाइक सवार तीन युवक एक ई-रिक्शा से टकरा गए। ई-रिक्शा पर लोहे के गाटर (Girder) लदे थे। टक्कर लगते ही एक गाटर बाइक चला रहे अंसार (29 वर्ष, निवासी बरुआ) के पेट में घुस गया। गंभीर हालत में अंसार, जावेद और हरिओम को लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंसार को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था।







