गांव की नालियों का पानी सड़क पर भर रहा, ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत
Share your love

संवाद 24 मोहम्मदाबाद।
ब्लॉक के ग्राम पंचायत कठिना मानिकपुर के मजरा मानिकपुर में नालियों का पानी लगातार मुख्य सड़क पर भर रहा है, जिससे ग्रामीणों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों के कारण बीमारियों की आशंका बढ़ रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे।
गांव में नालियों का पानी महीनों से सड़क पर जमा रहता है। रास्ते से होकर स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना इस गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। गांव के लोग बताते हैं कि पहले नालियां खुली थीं, तो पानी निकास होता था, अब नालों को बंद कर देने से स्थिति और बिगड़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इंटर कॉलेज और अन्य स्थानों के लिए जाने वाला यही मुख्य मार्ग है। कीचड़ और पानी की वजह से आवागमन ठप हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्राम प्रधान अनीता देवी ने कहा कि गांव वालों ने नाला अवैध रूप से बंद कर दिया है। अब नाला खुदवाने की कार्यवाही शुरू की जाएगी, जिससे जल्द समस्या दूर हो सके। ग्राम पंचायत सचिव संदीप यादव ने बताया कि नाले की खुदाई के लिए कार्य योजना बन गई है और जल्द काम शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि सड़क पर भरे पानी की समस्या से राहत मिल सके और लोगों के आवागमन में आसानी हो।






