फर्रुखाबाद: गाली‐गलौज के विरोध में ABVP ने फूंका सदर विधायक का पुतला
Share your love
फर्रुखाबाद, संवाददाता।
नगर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी द्वारा फोन पर कथित गाली-गलौज और धमकी दिए जाने से क्षुब्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं ने रविवार दोपहर शहर के चौक पर उनका पुतला दहन किया व प्रदर्शन करते हुए उन्होंने “सदर विधायक चोर है, नसेड़ी है” जैसे तीखे नारे लगाते हुए तत्काल माफी की मांग की।
ABVP के विभाग संगठन मंत्री संजय प्रताप सिंह विधायक से महज़ एक शिष्टाचार भेंट करना चाहते थे। आरोप है कि फोन करते ही विधायक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा – “बहुत बड़ा नेता बनता है, दिमाग सही कर दूंगा।” इसके बाद इस घटना की जानकारी ABVP के प्रांत एवं क्षेत्र संगठन मंत्रियों को दी गई।
बाद में प्रांत संगठन मंत्री द्वारा जिला संयोजक सर्वजीत बाजपेयी से विधायक को फोन कराया गया। विभाग संयोजक ने विधायक को अभिवादन करते हुए मिलने की इच्छा जताई, जिस पर विधायक ने कहा – “पहले मिलोगे फिर रुपये मंगाओगे, मैं नहीं मिलूंगा” और फोन काट दिया।

दूसरी बार फोन आने पर भी विधायक ने पुनः गाली-गलौज शुरू कर दी और कहा – “हमारी बुराई कर रहे हो, दिमाग ज्यादा खराब है, उसे सही कर दूंगा।” यह पूरा घटनाक्रम शनिवार का बताया जा रहा है।
जब इस मामले की जानकारी ABVP कार्यकर्ताओं को हुई, तो भारी रोष व्यक्त किया गया और रविवार को विधायक के खिलाफ प्रतीकात्मक पुतला दहन का निर्णय लिया गया। चौक पर भारी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विधायक की कथित अभद्र भाषा एवं धमकी की कड़ी निंदा करते हुए माफी की मांग की।
इस दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रही और शहर कोतवाल भी मौके पर मौजूद रहे। जिला संयोजक ने चेतावनी दी कि यदि विधायक ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो आगामी समय में व्यापक आंदोलन किया जाएगा और सड़क पर उतरने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। साथ ही कहा कि “विधायक को अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।”
प्रांत सहमंत्री प्रियंका माथुर, प्रांत कार्यसमिति सदस्य शिवम कुशवाहा, विभाग सह संयोजक अभिषेक प्रताप सिंह, दीपक वर्मा, प्रेम अग्निहोत्री, उत्कर्ष शुक्ला, दिव्यांशु तिवारी, रितुराज पांडेय, सार्थक मिश्रा, अभिषेक सक्सेना, प्रियांशु सक्सेना, आकर्ष, प्रांजुल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उधर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि किस वजह से उनका पुतला फूंका गया है। “मैं इस संबंध में जानकारी करूंगा।”






