इटावा–बरेली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पीछे से आए ट्रक ने कुचला बाइक सवार, मौके पर मौत

संवाद 24 | फर्रुखाबाद
मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय बाइक सवार संजय उर्फ मिजाजी की मौके पर ही मौत हो गई। संजय थाना नवाबगंज के ग्राम ऊंची गधेड़ी निवासी थे और स्वर्गीय खुशीराम के पुत्र थे।

सूत्रों के अनुसार, संजय 22 नवंबर को मैनपुरी के सुमेरपुर गांव में अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने गए थे। 23 नवंबर को लौटते समय नंदगांव पुलिया के पास सड़क पर अचानक आए गड्ढे को बचाने की कोशिश में उनकी पल्सर बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान सामने से आ रही वैगनआर कार (MP 07 AD 9410) ने टक्कर मार दी।

टक्कर से संजय सड़क पर गिर गए और उसी समय पीछे से आ रहे ट्रक (UP 82 T 7519) ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी पर डायल 112 पुलिस और चौकी प्रभारी जसवीर सिंह दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। संजय को निजी वाहन से समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टर प्रशांत सेंगर ने उन्हें मृत घोषित किया। बाद में पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

मृतक चार भाइयों में सबसे बड़े थे और गोलगप्पे का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी कुंती देवी, मां सुरजा देवी, तीन बेटियां—आंशिक (10), आंचल (8), स्वीटी (5) और एक बेटा अभिनव (3 वर्ष) छोड़ गए हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दुर्घटनाग्रस्त कार व ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, हालांकि दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए। चौकी प्रभारी ने मेमो आधार पर पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News