फर्रुखाबाद: समाजसेवी मनोज अग्रवाल आज करेंगे 66 कन्याओं का कन्यादान, 17 वर्षों से निभा रहे हैं सेवा का संकल्प
Share your love

फर्रुखाबाद में समाजसेवी और पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल आज 66 गरीब व जरूरतमंद कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराएंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य समारोह का आयोजन किया गया है और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग पर बढ़पुर स्थित एक गेस्ट हाउस में होगा, जहां सभी 66 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।
समारोह की तैयारियों के तहत शहर में चूना डाला जा रहा है और विवाह में दिए जाने वाले आवश्यक सामान की खरीदारी अंतिम चरण में है। मनोज अग्रवाल ने बताया कि वे पिछले 17 वर्षों से निर्धन कन्याओं का विवाह कराते आ रहे हैं और इस बार 18वां वर्ष है। अब तक लगभग 1600 कन्याओं के विवाह उनके प्रयासों से संपन्न हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य उन्होंने 2006 में पहली बार नगर पालिका अध्यक्ष बनने के दौरान अपने पिता की प्रेरणा से शुरू किया था। उनके पिता का मानना था कि भंडारे की जगह गरीब कन्याओं का विवाह कराना सबसे बड़ा पुण्य है। मनोज अग्रवाल ने कहा कि जीवन की अंतिम सांस तक वे इस कार्य को जारी रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि 2006 से फर्रुखाबाद नगर पालिका परिषद का अध्यक्ष पद मनोज अग्रवाल के परिवार के पास रहा है। 2006 में मनोज अध्यक्ष बने थे और वर्तमान में उनकी पत्नी वत्सला अग्रवाल तीसरी बार अध्यक्ष पद संभाल रही हैं।






