गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर निकली भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा
Share your love

| पंच प्यारे की अगुवाई में हुआ शोभायात्रा का शुभ आरंभ मार्ग भर धार्मिक भक्ति, कीर्तन और सेवा-भाव का संकल्प सांसद, समाजसेवी एवं गणमान्य जनों की रही प्रमुख उपस्थिति |
फर्रुखाबाद: जाहर पीर जगतगुरु बाबा श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुवार को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, लोहाई रोड द्वारा नगर में भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। प्रातः 10 बजे पंच प्यारे की अगुवाई में आरंभ हुई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ जनों ने सहभागी बनकर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का संदेश दिया।

शोभायात्रा में अग्रिम पंक्ति में छोटे-छोटे बच्चों ने ‘वाहेगुरु’ के जयकारों के साथ भक्ति और आनंद का वातावरण निर्मित किया। सिख एल.आई. रेजिमेंट के बैंड दल ने गुरु भजनों की सुरमयी धुनों से वातावरण को आध्यात्मिक और पवित्र बना दिया। महिलाएं एवं युवतियाँ मार्ग भर में गुरुवाणी का गुणगान करती रहीं और सेवा-भाव एवं विनम्रता का संदेश देती हुईं सफाई करती चलीं। इस दौरान सिख युवाओं द्वारा पारंपरिक शस्त्रों से किए गए अद्भुत करतब आकर्षण का केंद्र बने, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं और राहगीरों की भीड़ रुक-रुककर जमा होती रही।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा कर्नलगंज फतेहगढ़ से प्रारंभ होकर आई.सी.आई.सी.आई बैंक, गड़ी खाना, पूर्व एल.आई.सी. कार्यालय, कोतवाली फतेहगढ़, मिरदौली चौराहा, कुतुबुद्दीन दयार, नालंदा हॉस्पिटल, चौरा बाई, नेहरू रोड और चौक से होते हुए लोहाई रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुँचा, जहाँ इसका विधिवत समापन हुआ। नगर के विभिन्न स्थानों पर संगत और सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा, जलपान और सत्कार कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

गुरुद्वारा परिसर पहुँचकर शब्द-कीर्तन एवं अरदास संपन्न हुई, जिसके पश्चात गुरु का पवित्र लंगर प्रेम एवं सेवा भाव के साथ वितरित किया गया। संगत ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक शांति और आनंद की अनुभूति प्राप्त की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने नगर कीर्तन में सहयोग देने वाली सभी संगत, समाजसेवी संस्थाओं और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया, साथ ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के अनुरूप सेवा, सत्य, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।

यात्रा में सिख समाज के साथ-साथ विभिन्न समुदायों और वर्गों के लोग भी हर्षोल्लास एवं श्रद्धा से सम्मिलित हुए, जिससे नगर में आपसी एकता और सद्भाव का दिव्य संदेश प्रसारित हुआ। शोभायात्रा में प्रधान हरजिंदर सिंह, प्रधान सरदार सूर्यप्रताप सिंह, सांसद मुकेश राजपूत, सरदार तोषित प्रीत सिंह, स० चरन प्रीत सिंह, रूपेश गुप्ता, जितेंद्र सिंह, संजीव सोमवंशी, राघवेंद्र सिंह राजू सहित अनेक गणमान्य जन प्रमुखता से उपस्थित रहे।






